नोएडा , मई 07 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 17 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी, चोरी एवं स्नैचिंग के आठ मोबाइल फोन तथा तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद वाहन दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर सेक्टर-8 स्थित एफ-95 के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आराेपियों के नाम सूरज उर्फ चीढ़ा (24), अनिल कुमार उर्फ गोलू (30) और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा (29) है। तीनों आरोपी छिजारसी गांव, थाना सेक्टर-63, नोएडा के निवासी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह पहले कॉलोनियों, सोसायटियों, फैक्ट्रियों और पार्कों की रेकी करता था। इसके बाद वहां खड़ी बाइक और स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहन अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे जाते थे ताकि पुलिस को भनक न लगे।
आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में भी करते थे। गिरोह लगातार वाहन छिपाने के ठिकाने बदलता रहता था, जिससे पुलिस को ट्रैक करने में दिक्कत होती थी।
गिरफ्तार आरोपी सूरज उर्फ चीढ़ा पर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 30 मामले दर्ज हैं। वहीं अनिल कुमार उर्फ गोलू और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा पर भी वाहन चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम से जुड़े कई मामले दर्ज पाए गए हैं।
फेस वन थाना पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी चोरी के वाहन किन लोगों को बेचते थे और इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित