ग्रेटर नोएडा , मई 17 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना की पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त पर अवैध शस्त्रों की सप्लाई करने का आरोप है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि, 14 मई को अभियुक्त हिमांशु भाटी पुत्र विजेन्द्र भाटी ने अवैध हथियार से वादी के पुत्र पर फायरिंग की थी। घटना के बाद जेवर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी हिमांशु भाटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस अवैध हथियार के स्रोत की तलाश में जुटी हुई थी।

जांच के क्रम में पुलिस के सामने भजन सिंह अवैध हथियार उपलब्ध कराने में शामिल बताया गया। इसके बाद जेवर थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से रविवार को आरोपी को झाझर और डूढ़ेरा रोड के बीच से गिरफ्तार कर लिया। भजन सिंह आगरा जिले में ऐतिमादपुर थाना क्षेत्र के सवाई गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित