नोएडा , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-142 पुलिस थाना ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेशानुसार आबकारी अधिनियम के तहत 64 अभियोगों से संबंधित लगभग 3371 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 323 लीटर अवैध बीयर और 406 लीटर अवैध देशी शराब को नष्ट कर दिया।

पुलिस ने आज जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर की गई है, जो लगातार अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही हैं।

पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा और अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त सेन्ट्रल नोएडा तृतीय, प्रभारी निरीक्षक थाना सेक्टर-142 तथा आबकारी निरीक्षक की उपस्थिति में यह नष्टकरण अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत थाने पर अवैध शराब की बड़ी मात्रा को जेसीबी मशीन द्वारा तोड़कर और गड्ढा खुदवाकर मिट्टी से दबाकर नष्ट किया गया। यह शराब, जो कि वर्ष 2022-2024 के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत पकड़ी गई थी, एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस और प्रशासन अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने इस अभियान को लेकर कहा, "हमारी कोशिश है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म किया जाए। हमारी टीम हर स्तर पर इस पर नजर रखे हुए है और हम किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।"अवैध शराब को नष्ट करने से यह साफ संदेश जाता है कि पुलिस प्रशासन किसी भी हालत में अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा नहीं देगा और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समाज में अवैध शराब के असर को कम करने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य को सुरक्षित किया जा सके और अपराध की घटनाओं को कम किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित