नोएडा , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 120 स्थित बहु मंजिला इमारत आरजी रेजिडेंसी सोसाइटी के जी टॉवर में सोमवार शाम को आग लगने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी में कई लोगों के फ्लैट में फंसे होने की बात सामने आई, जिससे मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।

सोसाइटी में आग लगने के दौरान आस पास मौजूद लोगों द्वारा आग लगने वाली जगह से निकल रहे काले धुएं का वीडियो बनाया गया जिसे कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जो तेजी से वायरल हुआ।

इसी बीच आग की सूचना सोसाइटी निवासियों द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई, सूचना मिलते ही सेक्टर-113 की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि आग किसी फ्लैट में नहीं, बल्कि बिल्डिंग की लॉबी में स्थित (लो वोल्टेज) सॉफ्ट में लगी थी। सोसाइटी के फायर फाइटिंग सिस्टम और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को समय रहते बुझा दिया गया।

पुलिस द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के पश्चात आग की घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति फंसा नहीं था और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस व फायर विभाग को सूचित करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित