नोएडा , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-51 स्थित एक विद्यालय से राजकीय बालगृह बालिका, सेक्टर-62 की तीन नाबालिग छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नोएडा सेक्टर-49 थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और तीनों छात्राओं की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी हैं।
मंगलवार को पुलिस ने बताया कि थाना पुलिस को 'डायल-112' के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि राजकीय बालगृह बालिका, सेक्टर-62 की तीन छात्राएं, जिनकी उम्र क्रमशः 10 वर्ष, 12 वर्ष और 13 वर्ष है, संस्था की बस से महिला हेल्पर के साथ पढ़ाई के लिए सेक्टर-51 स्थित विद्यालय आई थीं।
दोपहर के भोजन अवकाश (लंच ब्रेक) के दौरान महिला हेल्पर ने जब तीनों छात्राओं को तलाश किया तो वे विद्यालय परिसर में कहीं नहीं मिलीं। इसके बाद तत्काल विद्यालय की प्रधानाचार्य और राजकीय बालगृह बालिका की प्रभारी को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पता चला कि तीनों छात्राएं एक ही कक्षा में पढ़ती हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वे वॉशरूम जाने की बात कहकर कक्षा से निकली थीं, लेकिन उसके बाद बिना किसी को बताए विद्यालय से कहीं चली गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित