नोएडा , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र के रिहायशी सेक्टर 15 में घर के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के दौरान धक्का लगने से सड़क पर गिरे एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई।

आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि, नोएडा सेक्टर 15 निवासी प्रकाश चंद (73) और उसी क्षेत्र के निवासी अंश गोयल (30) के बीच घर के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोप है कि अंश गोयल ने प्रकाश चंद को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। गिरने के कारण उनकी कोहनी में गंभीर खुली चोट आई।

घटना के बाद परिजन घायल प्रकाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

फेस वन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपी अंश गोयल को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पर शांति व्यवस्था कायम है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित