नोएडा , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 33 स्थित एक निर्माणाधीन मार्केट में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माणाधीन दुकान की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस की टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से प्रारंभिक जानकारी यह मिली कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों घायलों को तत्काल मौके से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने फायर सर्विस यूनिट की सहायता से निर्माणाधीन परिसर में व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। मलबे की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो।
घटनास्थल पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए पुलिस द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित