नोएडा , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र सेक्टर-75 की आईवी काउंटी सोसायटी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां विवाहेत्तर संबंध को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि नोएडा सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस और निरीक्षण टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि 39 वर्षीय साहिल सिंघल पुत्र योगेश कुमार सिंघल, सेक्टर-75 स्थित सोसाइटी आईवी काउंटी के निवासी को गोली लगी है। घटना के बाद साहिल के पिता उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि साहिल पहले से विवाहित था और उसका पिछले लगभग चार वर्षों से एक महिला के साथ विवाहेत्तर संबंध चल रहा था। बुधवार को वही महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने आई थी। बताया जा रहा है कि सोसायटी में उनकी एंट्री भी साहिल सिंघल द्वारा ही कराई गई थी।
मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला के एक भाई ने साहिल पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद आईवी काउंटी सोसायटी में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित