नोएडा , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के फेस वन थाना क्षेत्र में स्थित औद्योगिक सेक्टर 6 की एक फैक्ट्री में सोमवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी ई-69 और ई-70 में लगी इस आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

आग की घटना की जानकारी देते हुए अग्निशमन अधिकारी ने सोमवार को बताया,दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।

आग लगने के समय फैक्ट्री परिसर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री से उठती लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के उद्योगों में भी कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित