नोएडा , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 100 स्थित एक सोसाइटी में शनिवार को एक फ्लैट के एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग जाने से लोगों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने आज जानकारी देते हुए बताया कि सूचना पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग पर काबू पाने के बाद पूरे परिसर की जांच की गई ताकि किसी अन्य खतरे की संभावना न रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया एसी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गर्मी के मौसम में बिजली उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें और समय-समय पर उनकी जांच कराते रहें।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग फैलने लगी। हालांकि, बिल्डिंग में पहले से स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम ने तुरंत काम करना शुरू कर दिया, जिससे आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित