नोएडा , मार्च 28 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह परियोजना "नए भारत के मिजाज" का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बीच भी भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है और विकास की रफ्तार को बनाए हुए है।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दुनिया भर में जरूरी संसाधनों, खासकर कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस संकट का मुकाबला पूरी शक्ति से कर रही है और इसका बोझ किसानों तथा आम जनता पर नहीं पड़ने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, आगरा और मथुरा समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बड़ा लाभ मिलेगा। यह एयरपोर्ट किसानों, लघु उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा। प्रधानमंत्री ने युवाओं के उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि यह परियोजना उनके भविष्य को नई उड़ान देने वाली है। उन्होंने इसे "विकसित यूपी-विकसित भारत" अभियान का नया अध्याय बताया और कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाले राज्यों में शामिल हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित