नोएडा , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 40 वर्षीय कार सवार युवक की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर 126 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर 132 कट के निकट हुए इस हादसे में वैगनआर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पीआरवी की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान हेमंत शर्मा (40) पुत्र राम अवतार शर्मा के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद के स्वर्ण नगर के निवासी थे। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही भी की जा रही है।

हेमंत शर्मा अपनी कार संख्या से ऑफिस से मैक्स हॉस्पिटल जा रहे थे। इसी दौरान जब वह नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 126 थाना क्षेत्र के 132 कट के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक वाहन से जा टकराई।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हेमंत शर्मा को बिना देरी किए उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित