ग्रेटर नोएडा , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इस बाबत जिला गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समयबद्ध व सुचारु रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंगलवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, रैली स्थल की तैयारियों, पार्किंग व्यवस्था और आमजन, वीआईपी व वीवीआईपी आवागमन के लिए बनाए जा रहे रूट प्लान का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है, ऐसे में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, अस्थायी शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से पहले सुनिश्चित कर ली जाएं। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों, प्रवेश एवं निकास द्वारों और मुख्य मार्गों पर स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड व मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सफल, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कंचन सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित