नोएडा , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा शहर में सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी के एक प्लांट में शनिवार को भीषण आग लग गयी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए करीब 35 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही जिले के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों से दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 35 दमकल वाहनों को अभियान में लगाया गया।
दमकल कर्मियों ने समन्वित प्रयासों और आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग को फैलने से रोका तथा कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया।
अधिकारियों के अनुसार कंपनी परिसर से कर्मचारियों और अन्य लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिसके कारण किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से प्लांट में रखे सामान और मशीनरी को नुकसान पहुंचा है। वास्तविक क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है।
दमकल विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित