एडा , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के मध्य नोएडा क्षेत्र के बिसरख थाना पुलिस ने ठगी करने वाले एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच किलो 224 ग्राम नकली सोने मोतियों के दो गुच्छे, तीन किलो 338 ग्राम वजनी नकली सोने के सिक्के, तीन लाख रुपये नकद, 10 कीपैड फोन, छह स्मार्टफोन और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान फिरोजाबाद निवासी (हाल पता बिसरख) किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना के रूप में हुई है।

इस गिरोह ने 10 जुलाई को फ्यूजन होम्स सोसाइटी मार्केट में एक महिला को नोटों की गड्डी और सोने का लालच देकर उनकी चेन व कुंडल ठग लिये थे। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से इन्हें गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे कागजों की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर बड़ी रकम का झांसा देते थे और नकली सोना दिखाकर लोगों से उनकी असली ज्वैलरी व पैसे ऐंठ लेते थे।

बिसरख थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे या लालच में आकर अपनी नकदी अथवा जेवर किसी को न सौंपें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित