नोएडा , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने शनिवार को सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद सरिया चोरी करने वाले एक गिरोह के चार कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना घायल हो गया।
नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि यह गिरोह निर्माणाधीन साइटों की रेकी कर वहां से सरिया चुराता था और उसे गाजियाबाद के एक कबाड़ी को बेच देता था। सेक्टर-58 पुलिस टीम सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा करने पर डी पार्क के पास उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई।
खुद को घिरा पाकर आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राजू सिंह उर्फ राजा के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से उसके साथी राहुल सिंह को भी कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके दो अन्य साथियों अर्जुन और सुनील को भी स्कूटर रेहड़ा समेत खोड़ा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, 2,500 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित