नोएडा , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 39 क्षेत्र में सेक्टर 82 कट के पास स्कॉर्पियो और दो ईको कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मार्ग ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रविवार भोर सुबह तीन बजे के करीब तेज रफ्तार के कारण वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

घायलों की पहचान आशा देवी (55 वर्ष), राजाराम, रीना, श्रीपाल और रवि के रूप में हुई है। सभी बदायूं जिले के ग्राम रिसौली के निवासी बताए जा रहे हैं। अस्पताल में इलाज के दौरान आशा देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। स्कॉर्पियो चालक भी घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित