सीतापुर , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के नैमिषारण्य क्षेत्र में मंगलवार को एक आवारा सांड़ के हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर प्रशासन ने सांड़ को पकड़ने के लिए नगर पालिका मिश्रिख की टीम को मौके पर भेजा है, जबकि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
उप जिलाधिकारी मिश्रिख अनिल कुमार ने बताया कि सांड़ के आक्रामक होकर लोगों पर हमला करने की सूचना मिलने के बाद तत्काल नगर पालिका की टीम को उसे पकड़ने के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चक्रतीर्थ से जाने वाले मार्ग पर महाराष्ट्र भवन के निकट सांड़ ने शिवा (11),नन्हे कुमार (60) और राम प्रसाद (70) पर हमला कर अपने सींगों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से सांड़ को खदेड़ा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नैमिषारण्य-मिश्रिख-सीतापुर मार्ग पर आवारा पशुओं के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका दावा है कि पिछले एक माह में आवारा पशुओं के हमलों और सड़क दुर्घटनाओं की करीब 16 घटनाएं हुई हैं, जिनमें पांच से छह लोगों की मौत हो चुकी है।
लोगों ने बताया कि आवारा पशुओं के लिए गौशालाओं की व्यवस्था होने के बावजूद बड़ी संख्या में पशु सड़कों पर खुले घूम रहे हैं। उनका कहना है कि नैमिषारण्य एक प्रमुख धार्मिक नगरी है, जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन आवारा पशुओं के हमलों के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से धार्मिक नगरी में आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग करते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित