नैनीताल , मई 26 -- उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल शहर को पर्यटन सीजन के दौरान जाम से बचाने के उद्देश्य से पुलिस ने ईद से लेकर सप्ताहांत (28 मई से 31 मई) तक दोपहिया वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

पुलिस के अनुसार ईद-उल-अजहा (बकरीद) के बाद से सप्ताहांत तक नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ आने की संभावना है। इस दौरान पड़ोसी जिलों और राज्य से बड़ी संख्या में पर्यटक दोपहिया वाहनों से नैनीताल घूमने पहुंचते हैं, जिससे यातायात जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

इसी को देखते हुए पुलिस ने एक बार फिर निजी मोटरसाइकिल और टैक्सी से आने वाले पर्यटकों के नैनीताल और कैंची धाम में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) जगदीश चन्द्र ने बताया कि ईद के बाद के दिनों में रामपुर, मुरादाबाद, ऊधमसिंहनगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक बाइक से घूमने के लिए पहुंचते हैं। सप्ताहांत में जब यातायात का दबाव बढ़ता है तो बड़े वाहनों को शहर से बाहर प्रवेश बिंदुओं पर रोक दिया जाता है, लेकिन दोपहिया वाहनों को नहीं रोके जाने से शहर की स्थिति और खराब हो जाती है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा कई बार मोटरसाइकिल चालकों द्वारा अनियमित तरीके से वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नैनीताल शहर और कैंची धाम में दोपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है।

एसपी ने बताया कि इसी कारण ईद से आगामी सप्ताहांत तक नैनीताल और कैंची धाम में दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था निजी मोटरसाइकिल और टैक्सी बाइकों दोनों पर लागू होगी। बाहरी जिलों से आने वाले पर्यटकों की मोटरसाइकिलों को काठगोदाम और कालाढूंगी में रोका जाएगा। वहां से पर्यटक शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से नैनीताल और कैंची धाम पहुंच सकेंगे।

पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही नैनीताल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचने लगे हैं। शहर के होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि पार्किंग स्थल भी फुल हो गए हैं। अनुमान है कि वर्तमान में प्रतिदिन 20 से 25 हजार पर्यटक नैनीताल पहुंच रहे हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से बेशक शहर की रौनक तो बढ़ी है लेकिन यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। यातायात के दबाव और पार्किंग की भारी कमी के कारण कई स्थानों पर यातायात ठप हो रहा है। मालरोड़, मस्जिद चौक, जू रोड़ और मेट्रोपोल रोड़ के साथ ही पूरे शहर में बार-बार जाम लग रहा है जबकि हल्द्वानी, कालाढूंगी और भवाली मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित