नैनीताल , मई 22 -- उत्तराखंड लोक भवन की ओर से आयोजित होने वाला 21वें "गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट" का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (अप्रा) गुरमीत सिंह ने टी-ऑफ कर इसका शुभारम्भ किया।
तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में विभिन्न श्रेणियों के कुल 179 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व0 भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति को समर्पित किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गवर्नर्स कप केवल खेल आयोजन नहीं बल्कि उत्तराखण्ड की खेल क्षमताओं और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रभावशाली मंच है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूड़ी का राष्ट्र और प्रदेश के विकास के प्रति योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
टूर्नामेंट में 110 सामान्य श्रेणी, 27 जूनियर खिलाड़ी, 9 महिला खिलाड़ी, 29 वेटरन तथा 4 सुपर वेटरन खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जूनियर वर्ग में 6 बालिकाएं भी शामिल हैं। प्रतियोगिता के सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 81 वर्षीय कर्नल एच.सी. गुप्ता हैं, जबकि सबसे कम उम्र की प्रतिभागी 7 वर्षीय इलाक्षी राठौड़ हैं।
राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ धैर्य, अनुशासन, एकाग्रता और मानसिक संतुलन का खेल है, जो व्यक्तित्व निर्माण के साथ आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 'फिट इंडिया' और 'खेलो इंडिया' विजन के अनुरूप खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम बन रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार टूर्नामेंट और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं और बेटियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली है। पूर्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से 135 बच्चों ने लाभ लिया, जिनमें बड़ी संख्या बेटियों की रही।
राज्यपाल ने की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसे प्रकृति, वन्यजीवन संरक्षण और पर्यटन का अद्भुत संगम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित