नैनीताल , जून 24 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक चोरी कर फरार हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मल्लीताल निवासी पुष्कर आर्या ने 11 मई को कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विगत 07 मई को एक युवक ने उनकी बाइक किराये पर ली थी। आरोपी ने टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक मांगी और उसे लेकर फरार हो गया। मामले में कोतवाली मल्लीताल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने सर्वप्रथम शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की गतिविधियों को ट्रैक किया। जांच में पता चला कि आरोपी कालाढूंगी, हल्द्वानी होते हुए भीमताल पहुंचा था। भीमताल के एक गेस्ट हाउस के विजिटर रजिस्टर की जांच के बाद आरोपी की पहचान विजय सिंह राणा (23 वर्ष) निवासी विजयपुर, द्वाराहाट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके गृह क्षेत्र में दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद मुखबिर को सक्रिय किया गया। पुलिस ने बुधवार को मिली सटीक सूचना के आधार पर नैनीताल के मल्लीताल स्थित बारापत्थर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई यूके 04 टीबी 6551नंबर की एवेंजर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गयी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। वर्ष 2024 में कोतवाली रानीखेत में उसके विरुद्ध चोरी के मामले में अभियोग दर्ज किया गया था। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित