हल्द्वानी , जुलाई 17 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर 26 जुलाई को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं।

उन्होंने बताया कि आगामी 26 जुलाई को सुबह नौ बजे नैनीताल रोड स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सुबह 10 बजे एमबीपीजी कॉलेज के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

नई पीढ़ी को कारगिल युद्ध के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों में चित्रकला तथा निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में नगर निगम को शहीद स्मारक पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, जबकि जिला सैनिक कल्याण विभाग को मुख्य अतिथि, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेनि) रमेश सिंह, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, मुख्य शिक्षा अधिकारी आर.एस. नेगी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित