नैनीताल , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने 37.48 लाख रुपये मूल्य के 200 खोये हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मोबाइल एप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से विभिन्न ब्रांड के मोबाइल सेट गुम होने की शिकायत मिली थीं। एसएसपी के निर्देश पर गठित मोबाइल ऐप/साइबर सेल टीम ने आईएमईआई नंबर के जरिए ट्रैकिंग कर इन मोबाइल सेट को बरामद किया।
यह अभियान डॉ. जगदीश चन्द्र, मनोज कत्याल के मार्गदर्शन और अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में चलाया गया, जबकि टीम का नेतृत्व मीनू गौतम ने किया।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें आईफोन (07), सैमसंग (31), ओप्पो (36), वनप्लस (13), रियलमी (14), वीवो (45), मोटोरोला (08), इंफिनिक्स (10), रेडमी (22), पोको (05), लावा (02), आईक्यू (02), टेक्नो (03), शाओमी (01), आईटेल (01) शामिल हैं।
एसएसपी ने मोबाइल रिकवरी टीम की सराहना करते हुए 1500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मीनू गौतम के साथ कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित