नैनीताल , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र के भदुनी गांव के पास जंगल में शुक्रवार को एक सिर कटा शव मिला है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब सुबह भदुनी गांव के ग्रामीणों ने फतेहपुर रेंज, रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत जंगल में एक व्यक्ति का धड़ पड़ा देखा। शव पूरी तरह निर्वस्त्र और सिर कटा हुआ था। ग्रामीणों ने इसे बाघ या तेंदुए के हमले का मामला बताया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मृतक की पहचान कमल बिष्ट (30) पुत्र इंदर सिंह बिष्ट, निवासी भदुनी गांव के रूप में हुई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शव उसके घर से लगभग एक किलोमीटर दूर मिला।
वन विभाग का कहना है कि जिस सटीकता से सिर को धड़ से अलग किया गया है, उससे किसी धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका लगती है। माना जा रहा है कि यदि हमला किसी जंगली जानवर ने किया होता, तो घाव असमान और होते तथा शरीर के अन्य हिस्से भी खाए हुए होते।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव के आगे के हिस्से पर पंजों और नाखूनों के स्पष्ट निशान हैं, जो बाघ के हमले की ओर इशारा करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित