नैनीताल , अप्रैल 18 -- उत्तरखंड में नैनीताल जिले की वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना को शनिवार को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केबिनेट मंत्री खजान दास की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला योजना समिति की बैठक में प्रदेश के 37 विभागों को करीब 70.18 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने प्रस्तावित जिला योजना का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि इसमें जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों, अधूरे कार्यों को पूरा करने तथा रोजगारपरक योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने विभागवार बजट प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा, जिसे अनुमोदित कर दिया गया। योजना में सभी विकासखंडों के संतुलित विकास के साथ पिछड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।
अनुमोदित बजट में लोक निर्माण विभाग को 10 करोड़ रुपये, जल संस्थान को 6 करोड़ रुपये, युवा कल्याण को 5.80 करोड़ रुपये, सिंचाई विभाग को 4.25 करोड़ रुपये, उद्यान विभाग को चार करोड़ रुपये, पशुपालन विभाग को 3.10 करोड़ रुपये, नलकूप को 3.12 करोड़ रुपये तथा कृषि विभाग को 2.40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
बैठक में मंत्री श्री दास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं की धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय इसी वित्तीय वर्ष में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर देते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए कैंची धाम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी उठाईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित