नैनीताल , मार्च 31 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले की धारी तहसील में वन पंचायत की भूमि पर एक बिल्डर्स द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण पर मंगलवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवाया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट के नेतृत्व में प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सुंदरखाल (वन पंचायत मनाघेर) में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिल्डर्स यहां द्वारा वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से सड़क का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य हटवाया और भूमि को मुक्त कराया।
इस मामले में सुंदरखाल वन पंचायत के सरपंच को वन पंचायत अधिनियम के तहत निलंबित कर दिया गया है। साथ ही राजस्व उपनिरीक्षक को प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई करने और संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित