नैनीताल , सितंबर 25 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र से गुम हुई तीन बालिकाओं को पुलिस ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के बद्दी से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 18 सितंबर को चोरगलिया से तीन बालिकाएं अचानक से गुम हो गयीं थीं। चोरगलिया निवासी अभिभावक ने सूचना दी कि उनकी दो पुत्रियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश करने पर पता चला कि बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं और उनके साथ एक अन्य बालिका भी गई थी। इनमें दो नाबालिग और एक बालिग हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा एवं एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम एवं रुद्रपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें तीनों बालिकाएं साथ जाती दिखीं। तकनीकी एवं सर्विलांस के आधार पर लोकेशन ट्रेस करते हुए 24 सितंबर को टीम ने उन्हें हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से बरामद किया।

पुलिस मीडिया सेल के अनुसार पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से निकली थीं। पुलिस जांच में किसी अनहोनी की बात सामने नहीं आई। बालिकाओं की काउंसलिंग तथा बीएनएसएस की धारा 183 के तहत नाबालिगों को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान हेतु प्रस्तुत कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को परिजनों को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित