हल्द्वानी , अक्टूबर 19 -- उत्तराखंड के नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के कई गांव और दूरस्थ इलाके आज भी मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को संचार सुविधा के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर नौ स्थानों पर फोर-जी मोबाइल सेवा शुरू करने से जुड़े लंबित प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति देने की मांग की है।

सांसद भट्ट ने पत्र में लिखा है कि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करना और लोगों को बेहतर दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नेटवर्क की कमी के कारण स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने में दिक्कत होती है।

जो क्षेत्र आज भी मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं उनमें रुद्रपुर का संजय वन और टांडा फॉरेस्ट रेंज, भीमताल का नलिनी, बेतालघाट का रातीघाट, कैंची धाम का ऊंचाकोट (मल्लागांव) और पड़ाली, कोटाबाग का नाथूनगर, हल्द्वानी का बिंदुखत्ता औरकिच्छा का मल्ली देवरिया शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित