टिहरी , जुलाई, 07 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद के नैनबाग स्थित राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन, खेल, पुलिस चौकी के उच्चीकरण, अग्निशमन सेवा और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी 170 समस्याएं एवं मांगें जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख सीता कंवर, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने मुख्यमंत्री घोषणा के अनुरूप नैनबाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में उच्चीकृत किए जाने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। साथ ही नैनबाग लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार तथा क्षेत्र की विभिन्न मोटर मार्ग परियोजनाओं के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम मोगी और पाब की पेयजल योजना पर चर्चा करते हुए बताया गया कि स्थानीय स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण पूर्व प्रस्ताव पर कार्य नहीं हो सका। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को नया प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने तथा डीडब्ल्यूएसएम की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जल निकासी की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने वार्ड-15 में अतिक्रमण हटाकर नालियों की सफाई कराने और एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं थराडा क्षेत्र में नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को लोक निर्माण विभाग को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित