दुर्ग , मार्च 11 -- छत्तीसगढ में दुर्ग जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी के एक मकान में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश किया है, जिसकी जानकारी बुधवार सुबह पुलिस ने दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस गतिविधि का संचालन करने वाली एक महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से आठ महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस को कल सूचना मिली थी कि नेहरू नगर इलाके के विद्या विहार कॉलोनी में स्थित एक मकान में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर महिला रक्षा टीम और स्मृति नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर संबंधित मकान पर दबिश दी गई।

छापेमारी के दौरान मकान के अंदर संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। जांच में सामने आया कि यहां महिलाओं को बुलाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। मौके से पुलिस ने इस अवैध गतिविधि का संचालन करने वाली धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35), निवासी विद्या विहार कॉलोनी, तथा ग्राहक अमन शेख (25), निवासी जयंती नगर (मस्जिद के पास), वार्ड क्रमांक 16, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित