अलवर , मई 27 -- राजस्थान में अलवर शहर के नेहरू बाल उद्यान स्थित पुराने सूचना केंद्र परिसर में बुधवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु की 62वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
जिला कांग्रेस समिति अलवर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चाचा नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके पुष्प अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने देश को लोकतंत्र, वैज्ञानिक सोच और विकास की नई दिशा देने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में देश में बड़े उद्योग, बांध, शैक्षणिक संस्थान और अनुसंधान केंद्र स्थापित हुए, जिन्होंने भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि नेहरू जी बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे, इसी कारण पूरा देश उन्हें "चाचा नेहरू" के नाम से जानता है।
श्री मिश्रा ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए उन्होंने जीवनभर कार्य किया। अब भी उनके विचार युवाओं और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में नेहरू जी के सिद्धांत और उनके आदर्श देश को आगे बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस समिति अध्यक्ष प्रकाश गंगावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित