रायपुर , मार्च 10 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा कुछ प्रकाशनों को दिए गए विज्ञापनों का मुद्दा चर्चा का विषय बना रहा। प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी विधायक सुशांत शुक्ला ने जनसंपर्क विभाग से वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक नेशनल हेराल्ड, संडे नवजीवन और नवसृजन मैगज़ीन को दिए गए विज्ञापनों की जानकारी मांगी।

जवाब में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि इस अवधि में नेशनल हेराल्ड को कुल लगभग चार करोड़ 24 लाख रुपये के विज्ञापन जारी किए गए। वर्षवार जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 2019-20 में 34 लाख, 2020-21 में 58 लाख, 2021-22 में 68 लाख, 2022-23 में एक करोड़ 28 लाख और 2023-24 में एक करोड़ 36 लाख रुपये का भुगतान किया गया। वहीं 2024-25 और 2025-26 में इस प्रकाशन को कोई विज्ञापन नहीं दिया गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि संडे नवजीवन को इसी अवधि में लगभग तीन करोड़ छह लाख रुपये के विज्ञापन जारी किए गए, जबकि नवसृजन मैगज़ीन को इस दौरान कोई भुगतान नहीं किया गया।

चर्चा के दौरान सदस्यों ने इन प्रकाशनों के कार्यालय और संचालन से जुड़ी जानकारी भी मांगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि नेशनल हेराल्ड के प्रबंधक पवन बंसल हैं।

पूरक प्रश्नों में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पूछा कि इन विज्ञापनों का वितरण किस नीति के तहत किया गया और क्या इसकी जांच की जाएगी। इस पर मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि विज्ञापन राज्य की विज्ञापन नियमावली 2019 के प्रावधानों के अनुसार जारी किए गए हैं और प्रति पृष्ठ लगभग आठ लाख रुपये की दर से भुगतान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित