यमुनानगर , अक्टूबर 24 -- हरियाणा के पांवटा नेशनल हाईवे पर शनिवार शाम को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे में डेढ़ साल का एक अन्य बच्चा बाल-बाल बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सुंघ निवासी मुर्शिदा अपनी एक्टिवा पर सवार होकर चार साल के बेटे अरहम, 16 साल की बेटी रानी उर्फ महक और डेढ़ साल के बेटे सिफान के साथ जा रही थी। जब वे जगाधरी में सरस्वती स्कूल के सामने पुरानी लकड़ मंडी कट के पास पहुंचे, तो रेत से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रानी उर्फ महक और अरहम अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में वाहन चला रही मुर्शिदा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हालांकि, गनीमत यह रही कि डेढ़ साल का सिफान इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित