सुकमा , जून 13 -- छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले की दो महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने प्रथम नेशनल ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित करते हुए आर्थिक प्रोत्साहन देने की घोषणा की है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार आवासीय खेल अकादमी रायपुर के लिए चयनित शारदा प्रधानी (चिपुरपाल) और पूजा माड़वी (कोलईगुड़ा, कोंटा) ने रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत प्रथम नेशनल ट्राइबल गेम्स की फुटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ियों ने टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ ने सेमीफाइनल में अरुणाचल प्रदेश को हराने के बाद फाइनल में झारखंड को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने आज कलेक्टर अमित कुमार से मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों से उनकी शिक्षा, प्रशिक्षण और आवासीय व्यवस्था की जानकारी ली तथा फुटबॉल की तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने दोनों खिलाड़ियों को 'विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना' के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और जिले के अन्य युवा भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी विरुपाक्ष पौराणिक भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित