श्रीनगर , मार्च 13 -- जम्मू-कश्मीर नेशनल कांग्रेस के सांसदों ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा शीघ्र बहाल करने का आह्वान किया।
पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि राज्यसभा के तीन सदस्य चौधरी मोहम्मद रमजान, सज्जाद अहमद किचलू और शम्मी ओबेरॉय ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
सांसदों ने एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा संचालित प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं को जम्मू-कश्मीर को वापस सौंपने पर भी बल दिया, यह कहते हुए कि इस क्षेत्र को अपने प्राकृतिक संसाधनों से उचित लाभ मिलना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और कोलाहोई ग्लेशियर जैसे ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने सहित क्षेत्र के सामने मौजूद गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला और नाजुक हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा के लिए तत्काल वैज्ञानिक और नीतिगत हस्तक्षेपों का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित