भिण्ड , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में आज शुक्रवार सुबह नेपाल से बेंगलुरु जा रही एक स्लीपर बस एलपीजी सिलेंडरों से लदे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। बस चालक केबिन में फंस गया, जिसे यात्रियों और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद चौराहे के समीप बंजारे का पुरा के पास हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एलपीजी सिलेंडरों से लदा ट्रक आगे चल रहे ट्रॉले को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसकी सामने से आ रही स्लीपर बस से टक्कर हो गई। दुर्घटना से बचने के प्रयास में ट्रॉला चालक ने वाहन सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे ट्रॉला पलट गया।

पुलिस ने बताया कि बस नेपाल के पलिया क्षेत्र से बेंगलुरु जा रही थी। दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी एवं सेवानिवृत्त सैनिक नवल सिंह भदौरिया ने बताया कि वह बस के पीछे बाइक से आ रहे थे। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उन्होंने बताया कि यदि ट्रॉला चालक समय रहते वाहन को सड़क से नीचे नहीं उतारता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित