मोतिहारी , जुलाई 25 -- भारत-नेपाल सीमा से सटे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतिहारी पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। घोड़ासहन थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6.590 किलोग्राम अफीम के साथ भारत और नेपाल की दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो महिलाएं अपने शरीर में अफीम छिपाकर घोड़ासहन बस स्टैंड से दूसरे स्थान के लिए रवाना होने वाली हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें राजस्व पदाधिकारी सकलदेव प्रसाद को दंडाधिकारी के रूप में शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने बस स्टैंड पहुंचकर संदिग्ध बस को चारों ओर से घेर लिया और महिला पुलिस बल की सहायता से दोनों महिलाओं को बस से उतारकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 6.590 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। जब्त अफीम में दो-दो किलोग्राम के दो पैकेट, 500-500 ग्राम के तीन पैकेट, 250-250 ग्राम के चार पैकेट तथा 90 ग्राम का एक पैकेट शामिल है। तस्करी में प्रयुक्त दो टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख से एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सीमा देवी तथा बदामी देवी के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपित महिलाओं के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों महिलाओं से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप किसे पहुंचाई जानी थी तथा इस अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित