बहराइच , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मोतीपुर थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास एक युवक को 27 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी आनन्द कुमार चौरसिया के नेतृत्व में मंगलवार को बलईगांव के पास पुलिस टीम द्वारा तलाशी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोक कर तलाशी ली गई तो उसके पास से 27 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार युवक ने पूछताछ के दौरान अपना नाम सोनू पाल (20) निवासी नहकटिया, थाना कोतवाली देहात जनपद बहराइच बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 08 अप्रैल को पुलिस तथा एसएसबी की टीम ने आरोपी से 27 ग्राम स्मैक बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 06 लाख रुपए है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित