पटना , अक्टूबर 11 -- नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडक नदी का प्रवाह अवरुद्ध होने से अचानक वहां बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई, लेकिंब बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग के अनुसार, इस घटना का भारतीय क्षेत्र में विशेष प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है।

जल संसाधन विभाग से रविवार को जारी सूचना के अनुसार, नेपाल में 11 अक्टूबर की सुबह हुए भूस्खलन के कारण नारायणी नदी की सहायक बूढ़ी गंडक का प्रवाह बाधित हो गया। इससे नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ गया और आसपास की बस्तियां प्रभावित हुईं। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, नेपाल के जगत क्षेत्र में पांच से सात मकान बह गए हैं। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

नेपाल के अधिकारियों ने नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा नदी के तट के पास नहीं जाने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार, भूस्खलन प्रभावित स्थल भारत-नेपाल सीमा से लगभग 180 से 210 किलोमीटर दूर है। नदी में बढ़ा हुआ मटमैला पानी फिलहाल नेपाल के देवघाट क्षेत्र से गुजर रहा है, जो वाल्मीकिनगर बैराज से लगभग 80 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इसके कारण गंडक नदी के जलस्तर में करीब 27 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बाद जलस्तर में अधिकतम 50 से 100 सेंटीमीटर तक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, फिलहाल नेपाल में बारिश नहीं हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित