पटना , अक्टूबर 12 -- नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार में नदियों के जलस्तर और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी पर बिहार सरकार सतर्कता तथा निगरानी बनाये हुए है।

बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग की ओर से जारी 12 अक्टूबर 2026 की बैराज डिस्चार्ज रिपोर्ट के अनुसार, गंडक, कोसी और सोन बैराज से पानी का प्रवाह दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में सोन बैराज, इंद्रपुरी से पानी का डिस्चार्ज बढ़ने का रुझान दर्शाया गया है, जबकि गंडक और कोसी बैराज का रुझान स्थिर बताया गया है।

विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 10 बजे वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज से 37,200 क्यूसेक और वीरपुर स्थित कोसी बैराज से 64,115 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। वहीं, इंद्रपुरी स्थित सोन बैराज से 6,540 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। सुबह आठ बजे की तुलना में सोन बैराज से पानी के डिस्चार्ज में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित