हैदराबाद , अगस्त 27 -- तेलंगाना के राजस्व, आवास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने गुरुवार को बताया कि नेपाल की बाढ़ आपदा में फंसे तेलंगाना के 23 लोगों की पहचान की जा चुकी है।

परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और परिचितों से मिली जानकारी के आधार पर पहचाने गए इन 23 लोगों का विवरण केंद्रीय विदेश मंत्रालय को भेज दिया गया है। राज्य सरकार, विदेश मंत्रालय, काठमांडू में भारतीय दूतावास और नेपाली अधिकारियों के साथ लगातार तालमेल बनाए हुए है ताकि उनकी स्थिति का पता लगाया जा सके और ज़रूरी मदद सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देशों के बाद, नयी दिल्ली में तेलंगाना भवन में एक विशेष हेल्पलाइन और समन्वय केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि हैदराबाद में डॉ. बी.आर. अंबेडकर सचिवालय में सामान्य प्रशासन विभाग के एनआरआई डिवीजन के तहत एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

श्री पोंगुलेटी ने कहा कि नेपाल में फंसे या प्रभावित तेलंगाना के किसी भी अन्य निवासी के परिवारों को तुरंत सरकार से संपर्क करना चाहिए और व्यक्ति का नाम, पासपोर्ट का विवरण, मोबाइल नंबर, आखिरी ज्ञात स्थान, यात्रा या टूर ऑपरेटर का विवरण और परिवार के संपर्क नंबर जैसी जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, सरकार सतर्क रहेगी और हर ज़रूरी मदद देगी। उन्होंने फंसे हुए लोगों के परिवारों को भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कुछ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित