रायपुर , अगस्त 27 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण फंसे राज्य के नागरिकों की सहायता और सुरक्षित वापसी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेपाल में प्राकृतिक आपदा से हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा है कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के पीड़ितों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।
राज्य सरकार के अनुसार नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष 91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है और नेपाल में फंसे प्रदेशवासियों की सुरक्षित वापसी तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
श्री साय ने नेपाल में भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकसंतप्त परिवारों को दुःख सहने की शक्ति और लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित