रायपुर , अगस्त 27 -- नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच रायपुर निवासी मोनिका यादव के लापता होने की सूचना मिली है। छत्तीसगढ़ सरकार ने उनकी तलाश के लिए संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू किया है। साथ ही नेपाल में मौजूद प्रदेश के अन्य नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार रायपुर के महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर क्षेत्र की निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त से नेपाल प्रवास पर थीं। बाढ़ के बाद से उनका अपने परिजनों से संपर्क टूट गया है। राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिलों से नेपाल गए नागरिकों के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है और वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित नागरिकों के परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित