अमृतसर , सितंबर 03 -- नेपाल में प्राकृतिक आपदा के कारण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने मानवीय सेवा के तहत लंगर एवं राहत कार्य शुरू कर दिये हैं।

एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले कुछ दिनों से नेपाल में मौजूद है। प्रतिनिधिमंडल में एसजीपीसी सदस्य भाई रजिंदर सिंह मेहता, भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका और उप सचिव स. आजाद दीप सिंह शामिल हैं।

एसजीपीसी सदस्य भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने गुरुवार को नेपाल से जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए आज लंगर का पहला ट्रक रवाना किया गया है। आने वाले दिनों में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल सरकार के साथ बातचीत के दौरान मानवीय सेवा के लिए नेपाल आने वाली संस्थाओं और लोगों को सीमा के रास्ते राहत सामग्री लाने की अनुमति देने का सुझाव दिया था, जिसे नेपाल सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसी सहयोग और सहमति के बाद बाढ़ पीड़ितों के लिए लंगर सेवा शुरू की गयी है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे एसजीपीसी प्रतिनिधिमंडल और सेवादारों का स्थानीय लोगों ने धन्यवाद किया। लोगों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में लंगर और राहत सामग्री उनके लिए बड़ी मदद साबित हो रही है।

एसजीपीसी की राहत सेवाओं में नेपाल निवासी प्रीतम सिंह, अंगद सिंह, हरपाल सिंह पाली तथा स्थानीय गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों की ओर से भी विशेष सहयोग दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित