महराजगंज , मार्च 03 -- पड़ोसी देश नेपाल में पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनज़र भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को 72 घंटे पहले सील कर दिया गया है।

चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की बाहरी गतिविधि या अवांछित तत्वों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

महराजगंज जिले की नेपाल से सटी करीब 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा कर दिया गया है। दो मार्च की रात 12 बजे से सीमा पर आम नागरिकों के आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। केवल आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को सघन जांच के बाद ही आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।

सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं। नौतनवा के एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि नेपाल चुनाव के दृष्टिगत सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है और पब्लिक मूवमेंट पर रोक लगा दी गई है। केवल इमरजेंसी सेवाएं ही संचालित रहेंगी।

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं और बॉर्डर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। एसएसबी 22वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सी. विवेक ने स्पष्ट किया कि सोमवार रात 12 बजे से गुरुवार रात 12 बजे तक सीमा पूरी तरह बंद रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित