ऋषिकेश , अगस्त 29 -- 'किंग ऑफ उत्तराखंड' गैंग के 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आराेपी रवि कुमार गुप्ता को ऋषिकेश पुलिस ने शुक्रवार देर शाम उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गैंगस्टर अधिनिमय के मामले में नामजद रवि गुप्ता गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने साथियों की मदद से नेपाल भागने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो सहित नेपाल जाने से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा और उसके सहयोगियों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरोह भूमि एवं पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग तथा फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि रवि कुमार गुप्ता लगातार फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। 27 अगस्त को एसएसपी ने रवि गुप्ता पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रवि अपने दो साथियों के साथ एक वाहन से नेपाल भागने की फिराक में है और वह सोनौली के रास्ते नेपाल जा सकता है। सूचना पर उपनिरीक्षक सुमित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम सोनौली पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कल रात रवि गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो के साथ नेपाल कस्टम द्वारा जारी टेम्परेरी इंपोर्ट ऑफ व्हीकल/व्हीकल पास, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज तथा यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय द्वारा जारी वाहन अनुमति-पत्र बरामद किए हैं। पूछताछ में उसके नेपाल भागने की तैयारी की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित