रायपुर , अगस्त 30 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ के बाद भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर पर चिंता जताते हुए कहा है कि अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए विदेश मंत्रालय और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया जा रहा है।

श्री अग्रवाल ने रविवार को बताया कि लापता भारतीय नागरिकों में अंबिकापुर के वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता की पुत्री डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। वह ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने डॉ. गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में विदेश मंत्रालय से तत्काल संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गयी है।

श्री मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गयी ई-मेल आईडी कर्ताराम गुप्ता को दी गई है, ताकि डॉ. मीना गुप्ता से संबंधित आवश्यक विवरण विदेश मंत्रालय तक पहुंचाए जा सकें और उनकी तलाश तथा सुरक्षित वापसी के प्रयासों में मदद मिल सके।

श्री अग्रवाल ने कहा कि नेपाल में आयी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर चिंताजनक है। डॉ. मीना गुप्ता की स्थिति के संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासनिक एवं राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों के जरिए आवश्यक जानकारियां साझा की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित