रायपुर , अगस्त 28 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ की घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा है कि आपदा में फंसे अथवा लापता लोगों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित कर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और सरकार प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।
दिल्ली प्रवास से शुक्रवार को रायपुर लौटे मुख्यमंत्री साय ने यहां पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। नेपाल में आई बाढ़ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और आपदा के बाद देश तथा प्रदेश के कुछ लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में फंसे अथवा लापता लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कंट्रोल रूम बनाया है और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। जरूरतमंद लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी है।
दिल्ली प्रवास के संबंध में श्री साय ने बताया कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की और छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों से उन्हें अवगत कराया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। श्री नवीन पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी थे और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश में किसी न किसी संगठन प्रभारी की नियुक्ति होना स्वाभाविक है।
आगामी चुनावों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि हर जगह अच्छे काम हो रहे हैं। आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होने हैं, वहां भारतीय जनता पार्टी को अच्छी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में अच्छा काम किया है और इसी के आधार पर पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित