प्रयागराज , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम स्नान के बाद अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे नेपाल के एक परिवार की कार से चोरी हो गई। परिवार झुंसी के अंदावा चौराहे पर स्थित ईंट एंड फिट रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए रुका था। इसी दौरान चोरों ने कार का शीशा तोड़कर नकदी, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और नागरिकता प्रमाणपत्र समेत जरूरी सामान चोरी कर लिया। परिवार की शिकायत पर झूसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि नेपाल के महोत्तरी जिले के मनराशिस्वा गांव निवासी सुनील कुमार ठाकुर परिवार के साथ प्रयागराज आए थे। संगम में स्नान करने के बाद वे मंगलवार को अयोध्या जा रहे थे। रास्ते में भोजन करने के लिए रुके, तभी वारदात हो गई। वापस कार के पास पहुंचने पर सामान गायब मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
परिवार के मुताबिक कार को अंदावा चौराहे स्थित ईंट एंड फिट रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी की गई थी। परिवार के सदस्य खाना खाने के लिए अंदर चले गए। इसी दौरान चोरों ने कार का शीशा तोड़ा और अंदर रखा सामान लेकर फरार हो गए।खाना खाने के बाद परिवार वापस लौटा तो कार में रखा सामान गायब मिला। चोरी हुए सामान में नकदी के साथ कई जरूरी दस्तावेज भी शामिल हैं।
पासपोर्ट और नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र चोरी होने से परिवार को आगे की यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।शिकायत के मुताबिक, अनिषा पांडेय का पासपोर्ट, दो एटीएम कार्ड, दो रेडमी मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, परिचय पत्र, 5 हजार नेपाली रुपए और 30 हजार भारतीय रुपए चोरी हुए हैं।वहीं, बलिराम प्रसाद सिंह के दो एटीएम कार्ड, एक रेडमी मोबाइल फोन, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र, 2 हजार भारतीय रुपए और घर की कुछ चाबियां भी गायब हैं।परिवार की शिकायत में कुल 32 हजार भारतीय रुपए और 5 हजार नेपाली रुपए चोरी होने की बात कही गई है। इसके अलावा मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज भी चोरी हुए हैं। अन्य सामान की कुल कीमत का आकलन अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित