हरदोई , अगस्त 28 -- नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद हरदोई जिले के पिहानी क्षेत्र के दो युवक लापता हो गये हैं। दोनों नेपाल के अपर तिरसूली पावर प्रोजेक्ट-वन में काम करते थे। परिजनों ने उनके बाढ़ के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जतायी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिहानी कोतवाली इलाके में अहेमी गांव के पास झाला निवासी पपेंद्र सिंह (35) और ऋषि पाल सिंह (22) करीब दो वर्षों से नेपाल में रहकर त्रिसूली पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। पपेंद्र क्रेन ऑपरेटर और ऋषि पाल कटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। बाढ़ के बाद दोनों से संपर्क टूट गया और तभी से उनकी तलाश की जा रही है।

दोनों युवकों के लापता होने की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पपेंद्र की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार नेपाल में संपर्क कर दोनों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने शासन-प्रशासन से नेपाल के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर दोनों युवकों की तलाश तेज कराने तथा उनके संबंध में अधिकृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजन अब भी दोनों के सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित